पलवल में पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति पर हमला, भाभी का हाथ टूटा, चार पर केस दर्ज
पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के हथीन थाना क्षेत्र के खिल्लूका गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बुधवार को बताया कि गांव निवासी हारून ने शिकायत में बताया कि वह मस्जिद से नमाज अदा कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गुलफान, इकराम, वरिसा और अरफीना ने उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और सरियों से उसके सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हारून के शोर मचाने पर उसका भतीजा आसिफ और भाई की पत्नी शबनम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने शबनम पर भी हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। वहीं आसिफ को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए हथीन और पलवल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हारून की शिकायत के आधार पर गुलफान, इकराम, वरिसा और अरफीना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

