home page

पलवल : घर खर्च को लेकर विवाद में पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, बचाने आया बेटा भी झुलसा

 | 

पलवल, 30 जून (हि.स.)। शहर की कालड़ा कॉलोनी में घरेलू विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। घर खर्च को लेकर हुए विवाद के बाद कथित रूप से पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। मां को बचाने के प्रयास में उनका 19 वर्षीय बेटा भी झुलस गया। गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मंगलवार काे हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने मंगलवार को बताया कि 42 वर्षीय ममता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसका पति अनिल होटल का संचालन करता है। दोनों के बीच लंबे समय से घर खर्च को लेकर विवाद चलता आ रहा था। पीड़िता के अनुसार, घटना वाली रात अनिल शराब के नशे में घर लौटा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर अनिल ने स्वयं डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।

ममता ने बताया कि देर रात जब वह रसोई में पानी पीने गई, तभी पीछे से आए पति ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरते ही उसने शोर मचाया। उसकी चीख सुनकर 19 वर्षीय बेटा अंश मौके पर पहुंचा और मां को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान उसके हाथ भी झुलस गए। परिजनों की सहायता से गंभीर रूप से झुलसी ममता को तत्काल जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता ने अस्पताल में अपने बेटे की मौजूदगी में बयान दर्ज कराए हैं। बयान के आधार पर आरोपी पति अनिल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और उसे जल्द गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग