पलवल : टीन शेड में बन रहे थे अवैध पटाखे, पुलिस ने दो आराेपी दबोचे
पलवल, 20 अगस्त (हि.स.)। दीपावली से पहले पलवल पुलिस ने गुरुवार काे अवैध पटाखा निर्माण और पैकिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गदपुरी और उटावड़ थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार पटाखे, पोटाश, गंधक, पैकिंग मशीनें और एक पिकअप गाड़ी बरामद की है। बरामद सामान की कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई गई है। इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपित पुलिस को देखकर खेतों के रास्ते फरार हो गए।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि एवीटी स्टाफ हथीन की टीम को सूचना मिली थी कि गांव भुर्जा में एक प्लाट के टीन शेड में अवैध रूप से पटाखे और कलर माचिस तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से गांव भुर्जा निवासी प्रवीन और उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी सुवेव को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार, टीन शेड और वहां खड़ी पिकअप गाड़ी की तलाशी लेने पर 103 कट्टों में भरे तैयार पटाखे, 50 किलोग्राम पोटाश, 30 किलोग्राम गंधक, पैकिंग टेप और पटाखे पैक करने वाली मशीनें बरामद हुईं। बरामद सामान और वाहन की कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गदपुरी थाना में विस्फोटक अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तैयार माल कहां सप्लाई किया जाना था और इस काम में अन्य कौन लोग शामिल हैं।उधर, उटावड़ थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर गांव उटावड़ में सौराब नामक व्यक्ति के मकान के पास खाली जगह पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां पटाखे पैक कर रहे जुबेर, फजरू और शहजाद ज्वार और बाजरे की खड़ी फसल का सहारा लेकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 15 पेटियों में रखे 182 किलो 240 ग्राम अवैध माचिस पटाखे बरामद किए हैं। उटावड़ थाना पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

