home page

पलवल : एक्सप्रेस-वे पर चांदी लूट का खुलासा: तीन और आरोपी दबोचे, अब तक 6 गिरफ्त में

 | 
पलवल : एक्सप्रेस-वे पर चांदी लूट का खुलासा: तीन और आरोपी दबोचे, अब तक 6 गिरफ्त में


पलवल, 24 मार्च (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई लाखों की चांदी और नकदी लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए पलवल की टीम ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को फिरोजपुर-झिरका निवासी कपिल सिंगला अपने भाई शुभम के साथ दिल्ली से 30 किलो कच्ची चांदी बदलवाकर और 8 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। उन्होंने चांदी को चालक सीट के नीचे और नकदी को कार की डिग्गी में बैग में रखा हुआ था। शाम को गदपुरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों ने अपनी ईको गाड़ी आगे लगाकर उनकी स्विफ्ट कार को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए और हथियारों के बल पर कार, 30 किलो चांदी और 8 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर बंचारी गांव के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया।

घटना के बाद सक्रिय हुई सीआईए टीम ने साइबर तकनीक और खुफिया सूचना के आधार पर 18 मार्च को इस मामले का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड निसार, आसिफ और इमरान को दिल्ली-अलवर रोड स्थित बोडीकोठी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार भी बरामद की, जो जांच में तेलंगाना से चोरी की गई पाई गई।

पुलिस ने अब तक आरोपियों से 7.117 किलो चांदी और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। हाल ही में पकड़े गए तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे लूटी गई शेष संपत्ति और गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग