पलवल : शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकल-रहित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं परीक्षाएं
पलवल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सरकार और जिला प्रशासन की नकल के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते पलवल जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं गुरूवार को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल-रहित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की सक्रिय निगरानी के चलते परीक्षा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था पूरी तरह कायम रही।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले में संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को समाप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की गई।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए उड़नदस्तों का गठन किया गया था। इन टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कहीं से भी नकल या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली।
प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराया। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं निर्धारित समय के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।
उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल और शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली बनाए रखने के लिए इसी प्रकार सख्ती और सतर्कता जारी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

