पलवल : ड्रीम मॉल का कर्मचारी अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार
पलवल, 03 मार्च (हि.स.)। सीआईए होडल टीम ने ड्रीम मॉल में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया। कैंप थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने मंगलवार को बताया कि सीआईए होडल टीम नेशनल हाईवे-19 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ड्रीम मॉल के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को सरकारी वाहन से उतरते देख युवक घबरा गया और अलावलपुर चौक की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रवि के रूप में हुई, जो ड्रीम मॉल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ कैंप थाना पलवल में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सीआईए प्रभारी हरमिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह अवैध हथियार कहां से और किससे लाया था तथा किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

