home page

पलवल :दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लूटकांड का इनामी आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार

 | 
पलवल :दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लूटकांड का इनामी आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार


पलवल, 08 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मार्च माह में हुई लाखों रुपये की चांदी और नकदी लूट के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पलवल पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि फिरोजपुर झिरका निवासी कपिल सिंगला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मार्च को वह अपने भाई शुभम के साथ दिल्ली से कच्ची चांदी बदलवाकर और आठ लाख रुपये नकद लेकर स्विफ्ट कार से लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे गदपुरी थाना क्षेत्र के सहराला गांव के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने उनकी कार के आगे ईको गाड़ी अड़ा दी।

बदमाशों ने कार के शीशे तोड़कर हथियारों के बल पर स्विफ्ट कार, 30 किलोग्राम चांदी और आठ लाख रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई और उन्हें बंधक बनाकर बंचारी गांव के पास सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान सीआईए टीम ने साइबर तकनीक और गुप्त सूचनाओं के आधार पर इस गिरोह के मास्टरमाइंड निसार, आसिफ और इमरान को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तेलंगाना से चोरी की गई ईको गाड़ी बरामद हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों से 7.113 किलोग्राम चांदी, 10 हजार रुपये और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई।

इसके बाद पुलिस ने अमित अग्रवाल, नोमान, फैजान, रिजवान उर्फ गुड्डू, कासिम और मुस्तकीम को भी गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से भी चोरी की चांदी, नकदी, अवैध हथियार, वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया।

सीआईए के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अब फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद आमिर उर्फ समीर को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी हैदराबाद के साहिबाबाद क्षेत्र का रहने वाला है। उसे पूछताछ के लिए छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों से करीब 21 किलोग्राम चांदी, 70 हजार रुपये नकद, दो देशी कट्टे, तीन कारें और एक मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग