home page

पलवल: सोना बेचने का झांसा देकर दिल्ली के कारोबारी से लाखाें की ठगी

 | 

पलवल, 29 जुलाई (हि.स.)। पलवल जिले के होडल में सोना बेचने का झांसा देकर दिल्ली के एक कारोबारी से 8.70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रुपये खाते में आते ही आरोपित बैंक से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली के वसंत कुंज निवासी अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी सर्वांगी गोल्ड्स नाम से कंपनी है, जिसका सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलता है। विज्ञापन देखकर होडल निवासी गौरव सिंह ने उनसे संपर्क किया और बताया कि उसने आईआईएफएल बैंक से गोल्ड लोन लिया हुआ है तथा वह अपना सोना बेचना चाहता है।शिकायत के अनुसार, गौरव के बुलाने पर अमित होडल स्थित एक्सिस बैंक शाखा पहुंचे। वहां गौरव ने उन्हें अपने बैंक खाते के चेक दिखाए, जिनकी जांच के बाद अमित ने अपनी कंपनी के खाते से आरटीजीएस के माध्यम से गौरव के खाते में 8 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।राशि खाते में पहुंचने के बाद गौरव ने आईआईएफएल बैंक के गोल्ड लोन की अदायगी के लिए फॉर्म और चेक भर दिया। जब दोनों बैंक काउंटर की ओर बढ़े तो आरोपित मौका देखकर फरार हो गया। अमित ने उसका पीछा किया, लेकिन वह एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकला।पीड़ित ने बैंक अधिकारियों से जानकारी ली तो पता चला कि आरोपित अपने खाते में आए 8.70 लाख रुपये तुरंत दूसरे खाते में ट्रांसफर कर चुका था। इसके बाद अमित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। होडल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है और बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग