पलवल : एसटीएफ ने दबोचा इनामी बदमाश, हेरोइन व विदेशी पिस्टल बरामद
पलवल, 03 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सेंट्रल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 277 ग्राम हेरोइन, 12 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, मेड इन चाइना पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एसटीएफ के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उटावड़ थाना क्षेत्र के मलाई गांव के पास एक बदमाश मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान होडल के ग्राहम पट्टी निवासी धन सिंह उर्फ काजू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 277 ग्राम हेरोइन, 12 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, मेड इन चाइना पिस्टल, दो मैगजीन तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार धन सिंह उर्फ काजू के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं में करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जनवरी 2025 में शहर थाना पलवल में दर्ज एक मामले में फरार होने के कारण उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उटावड़ थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ और हथियार कहां से लाए गए थे तथा इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

