पलवल : पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने वाला गौ तस्कर गिरफ्तार
पलवल, 08 जुलाई (हि.स.)। पलवल पुलिस की एवीटी टीम ने गो-तस्करी और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नंगला अहसानपुर निवासी अरशद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।
एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी जमील अहमद ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि घटना 14 फरवरी की है। गदपुरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से एक सफेद-नीले रंग की पिकअप गाड़ी में गोवंश को भरकर मेवात की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कलवाका-मंदपुरी रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस का इशारा अनदेखा कर पिकअप को तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाई। तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे के बाद गाड़ी में आगे बैठे कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पीछे दबे कय्युम, शहुद और इश्ताक को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने पिकअप से क्रूरता पूर्वक बांधी गई छह गायों को सकुशल मुक्त कराया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 14 अप्रैल को पिकअप चालक रुकमुद्दीन उर्फ काला निवासी हुसैनपुर (नूंह) तथा 21 जून को आरोपी आजाद उर्फ टिमाणी और अय्यूब उर्फ हब्बू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले में फरार चल रहे आरोपी अरशद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे मामले में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

