पलवल : चार लाख की रिश्वत मांगने वाले ईएसआई के खिलाफ चार्जशीट पेश
पलवल, 04 सितंबर (हि.स.)। पलवल में फैसले के नाम पर चार लाख रुपये की रिश्वत मांगना ईएसआई होशियार सिंह को भारी पड़ गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद ने मामले की जांच पूरी करने के बाद आरोपित ईएसआई के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपित को एसीबी ने सात जुलाई को दो लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में न्यायिक हिरासत में बंद है।ईएसआई होशियार सिंह थाना चांदहट में ईआरवी-502 का इंचार्ज था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत चार्जशीट अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तैय्यब हुसैन की अदालत में दाखिल की गई है।मामला एक बर्खास्त पुलिस कर्मचारी से जुड़ा है। उसके खिलाफ थाना कैंप पलवल में वर्ष 2023 में अभियोग संख्या 17 दर्ज हुआ था। जांच के दौरान अन्य आरोपितों के फर्द-ए-इंकशाफ के आधार पर उसका नाम भी मामले में शामिल किया गया था। इस मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई और बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई। इसी प्रकरण के चलते विभाग ने उसे बर्खास्त भी कर दिया था।शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इसी मामले में फैसला कराने के नाम पर ईएसआई होशियार सिंह ने उससे चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी। कथित तौर पर दो लाख रुपये तुरंत देने और बाकी दो लाख रुपये फैसला होने के बाद देने की बात तय हुई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी फरीदाबाद की टीम ने सात जुलाई 2026 को ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान होशियार सिंह को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की।इस कार्रवाई के बाद एसवी एंड एसीबी थाना फरीदाबाद में अभियोग दर्ज कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत जांच शुरू की गई।एसीबी ने जांच पूरी करने के बाद तीन सितंबर को अदालत में चार्जशीट दाखिल की। आरोपित फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और रिश्वतखोरी में संलिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

