home page

पलवल : तालाब में मिला तीन वर्षीय लापता मासूम का शव

 | 
पलवल : तालाब में मिला तीन वर्षीय लापता मासूम का शव


पलवल, 08 जुलाई (हि.स.)। पलवल जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में मंगलवार से लापता चल रहे तीन वर्षीय बच्चे का शव बुधवार को गांव के जोहड़ (तालाब) से बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हसनपुर थाना प्रभारी हरीओम ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि करीमपुर निवासी डिगपाल ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका परिवार गांव के राधा-रानी मंदिर में आयोजित भंडारे में गया हुआ था। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा प्रिंस घर से पशुओं के प्लॉट की ओर चला गया था।

जब परिवार मंदिर से वापस लौटा तो प्रिंस घर पर नहीं मिला। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने हसनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्चे की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के जोहड़ में एक बच्चे का शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान लापता प्रिंस के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बच्चा खेलते समय जोहड़ में गिरा या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग