home page

पलवल : खाली प्लॉट में मिला युवक का खून से लथपथ शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

 | 

पलवल, 07 अप्रैल (हि.स.)। शहर के हुडा सेक्टर-2 चौक के पास पन्ना विहार क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर उसे मुस्लिम समुदाय से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, शव पर सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए कई घाव पाए गए हैं। इसके अलावा दर्जनभर से अधिक चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।

मौके पर डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के संबंध में कोई सुराग मिल सके। घटनास्थल के पास रहने वाले प्लॉट मालिक ठाकुर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब 7:15 बजे घर से बाहर निकले थे, तभी उन्हें एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। पहले उन्होंने उसे नशे की हालत में समझा, लेकिन पास जाकर देखने पर उसकी सांस नहीं चल रही थी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही आमजन से मृतक की पहचान कराने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग