पलवल : पूर्व सैनिक को बेहोश कर लूटा, लाइसेंसी पिस्टल व कारतूस ले गए बदमाश
पलवल, 17 सितंबर (हि.स.)। नेशनल हाईवे-19 पर मुंडकटी थाना क्षेत्र में ईको गाड़ी में सवार बदमाशों ने सेना के सेवानिवृत्त जवान से मारपीट कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल, 19 कारतूस, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश पीड़ित को गुदराना रोड के पास सड़क किनारे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। राहगीर की सूचना पर पुलिस ने पूर्व फौजी को अस्पताल पहुंचाया।
मुंडकटी थाना पुलिस ने अज्ञात ईको चालक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाशचंद ने गुरूवार को जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी नरेश कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में बल्लभगढ़ में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करते हैं। नरेश कुमार ड्यूटी के सिलसिले में बल्लभगढ़ आए थे। वहां साथी सुरक्षाकर्मी नहीं मिलने पर वह अपना बैग और लाइसेंसी पिस्टल लेकर घर वापस जाने के लिए बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचे।
नरेश कुमार अलीगढ़ जाने के लिए बल्लभगढ़ बस स्टैंड से एक ईको गाड़ी में सवार हुए। वह गाड़ी की कंडक्टर सीट पर बैठे थे, जबकि अपना बैग उन्होंने पीछे रख दिया था। उनके पास कमर की बेल्ट में लाइसेंसी पिस्टल, 19 कारतूस, पिस्टल का लाइसेंस, पहचान पत्र और मोबाइल फोन था।
शिकायत के अनुसार, बल्लभगढ़ से कुछ किलोमीटर आगे जाने के बाद नरेश कुमार अचानक बेहोश हो गए। उन्हें होश आया तो वह मुंडकटी थाना क्षेत्र के गुदराना रोड पर सड़क किनारे पड़े हुए थे। उनके सिर में चोट लगी हुई थी और पिस्टल सहित उनका सामान गायब था।
सड़क किनारे घायल और बेहोशी की हालत में पड़े नरेश कुमार को एक राहगीर ने देखा। उसने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल होडल पहुंचाया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर उन्हें पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुंडकटी थाना पुलिस ने नरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात ईको चालक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए गदपुरी टोल प्लाजा और नेशनल हाईवे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

