पलवल: एटीएम पर पिन देखकर बदला कार्ड, मोबाइल पर आने लगे निकासी के संदेश
पलवल, 30 जून (हि.स.)। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक ट्रक मैकेनिक का कार्ड बदल दिया और उसके खाते से कई बार में 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा चौक निवासी ट्रक मैकेनिक सलीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मई 2026 की शाम को वह केनरा बैंक के एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने गया था। इसी दौरान उसके पीछे खड़े दो-तीन युवकों ने उसका एटीएम पिन देख लिया। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसे दूसरा कार्ड थमा दिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से लगातार रुपये निकाले जाने के संदेश आने लगे। इस पर वह तुरंत बैंक पहुंचा, जहां जानकारी मिली कि उसके खाते से कुल 50 हजार रुपये की निकासी की जा चुकी है।
घटना के बाद संदेह होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए संबंधित एटीएम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

