home page

पलवल: योग अपनाएं, निरोग रहें और राष्ट्र को सशक्त बनाएं : कृष्णपाल गुर्जर

 | 
पलवल: योग अपनाएं, निरोग रहें और राष्ट्र को सशक्त बनाएं : कृष्णपाल गुर्जर


पलवल, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल परिसर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है।

योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देश योग की महत्ता को स्वीकार कर रहे हैं और इसे स्वस्थ जीवन का आधार बना रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। पूरे परिसर में उत्साह और अनुशासन का वातावरण दिखाई दिया। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर पलवल के उपायुक्त जितेंद्र छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नितिन सिंगला, पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति स्वस्थ एवं संतुलित जीवन व्यतीत कर सकता है।

जिला स्तरीय इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि योग के प्रति जनमानस में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग