फुलवाड़ी चौक पर हादसा: अचानक ब्रेक से ट्रॉली में घुसा टेंपो, दिल्ली के युवक की मौत
पलवल, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल हाईवे-19 पर फुलवाड़ी चौक के पास मंगलवार देर रात को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली के एक युवक की जान चली गई। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा लोडिंग टेंपो उससे जा टकराया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के बक्करवाला निवासी अंकित मथुरा से सामान लेकर टेंपो के जरिए दिल्ली लौट रहा था। जब वह फुलवाड़ी चौक के पास पहुंचा, तो उसके आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे अंकित संभल नहीं सका और उसका टेंपो सीधे ट्रॉली से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के पिता रमेश कुमार की शिकायत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक रमेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

