home page

पलवल में कुछ घंटों की बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, जनजीवन अस्त-व्यस्त

 | 
पलवल में कुछ घंटों की बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, जनजीवन अस्त-व्यस्त


पलवल, 06 अगस्त (हि.स.)। कुछ घंटों की मूसलाधार बारिश ने पलवल शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद शहर की अधिकांश सड़कें, गली-मोहल्ले और प्रमुख चौक-चौराहे जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक हो गया कि लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया। इससे घरेलू सामान के साथ-साथ व्यापारियों के सामान को भी नुकसान पहुंचा। शहर के कई हिस्सों में लोगों को घंटों तक जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा, जबकि वाहन चालकों और राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मुख्य बाजार, निचले इलाकों और कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। कई लोगों को वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ा। बाजारों में भी जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित रही और व्यापार पर असर पड़ा।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी हन्नी ने गुरूवार को बताया कि तेज बारिश के चलते उनके घर में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान भीग गया। सूबेसिंह ने कहा कि हर वर्ष बरसात के समय कॉलोनी की यही स्थिति रहती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय निवासी लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हुई। वहीं दुकानदार नवीन गर्ग ने बताया कि दुकान में पानी भरने से सामान खराब होने का खतरा पैदा हो गया और काफी समय तक कर्मचारियों के साथ मिलकर पानी निकालना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात से पहले नालों और सीवरों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही शहर पानी-पानी हो जाता है। लोगों ने नगर परिषद से जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नालों की नियमित सफाई कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के स्थायी समाधान की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग