home page

पलवल : चार्जिंग पर लगाते ही हैक हुआ मोबाइल, चार बैंक खातों से लाखों उड़ाए

 | 

पलवल, 26 अगस्त (हि.स.)। साइबर ठगों ने सिहौल गांव निवासी एक युवक के मोबाइल फोन को कथित तौर पर हैक कर उसके चार अलग-अलग बैंक खातों से एक लाख 72 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, उसने 23 अगस्त को अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान फोन अचानक ऑटोमेटिक अपडेट मोड में चला गया। कुछ देर बाद उसके बैंक खातों से रुपये ट्रांसफर होने लगे। जिला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि सिहौल निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त को उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान मोबाइल अचानक ऑटोमेटिक अपडेट मोड में चला गया। गौरव को शक हुआ तो उसने फोन बंद करने का प्रयास किया, लेकिन फोन उसके नियंत्रण में नहीं रहा।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान साइबर ठगों ने उसके मोबाइल को हैक कर लिया और उससे जुड़े बैंक खातों से रुपये ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। जब तक वह कुछ समझ पाता, ठगों ने चार अलग-अलग बैंक खातों से कुल एक लाख 72 हजार रुपये निकाल लिए। धोखाधड़ी का पता चलने के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें पीड़ित के खातों से रकम ट्रांसफर की गई। पुलिस का प्रयास है कि ट्रांजेक्शन की कड़ी के आधार पर आरोपितों तक पहुंचा जा सके। साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल फोन किस तरह हैक हुआ और आरोपितों ने बैंक खातों तक कैसे पहुंच बनाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग