home page

जींद : सरकारी स्कूलों के 200 बच्चे करेंगे हाइड्रोजन ट्रेन का सफर

 | 
जींद : सरकारी स्कूलों के 200 बच्चे करेंगे हाइड्रोजन ट्रेन का सफर


जींद, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करने आ रहे हैं। ट्रेन में पहले दिन बैठने को लेकर हर कोई उत्साहित है। ट्रेन के उद्घाटन से पहले स्कूलों में जहां पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, वहीं सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 200 बच्चे इस ट्रेन में सफर करेंगे। रेलवे द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार इन बच्चों को जींद जंक्शन स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां उन्हें विकसित रेलवे स्टेशन की वास्तविक तस्वीर देखने और समझने का मौका मिलेगा।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर जींद जिले के स्कूलों में एक विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय मेरे शहर का विकसित स्टेशन और विकसित भारत है।

प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में उत्साह है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। कुल 200 छात्र व छात्राएं इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूलों को पहले ही सूचना दे दी गई है और हेड्स को निर्देशित किया गया है। यह बच्चों के लिए बहुत बड़ा उत्साह का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चल रहे विकसित भारत अभियान से जुड़कर बच्चे सीधे तौर पर विकास की गाथा का हिस्सा बनेंगे।

पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ देश के विकास और आधुनिक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति जागरूकता पैदा होगी। चयनित बच्चे जींद जंक्शन पहुंच कर वहां की तैयारियों को देखेंगे और वापसी में अपने अनुभवों को अन्य छात्रों के साथ सांझा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा