जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को शहर सौंदर्यकरण की ओर अग्रसर
जींद, 12 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 17 जुलाई के दौरे को लेकर जींद शहर सौंदर्यकरण की तरफ अग्रसर है। शहर में जहां-जहां चौक चौराहों पर पुलिस कर्मियों के बैठने के लिए लोहे के कमरे बनाए गए हैं वहां उन कमरों को आकर्षक बनाने के लिए लाल और नीले रंग से रंगाई का कार्य किया जा रहा है। सड़क किनारे स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों की दीवारों पर पेंटिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री का यह प्रसतावित दौरा शहर की साफ.-सफाई और सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार कर रहा है। स्थानीय प्रशासन का का कहना है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हर छोटी व बड़ी तैयारियों को समय रहते पूरा किया जाएगा। वहीं शहर में व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण और सुधार कार्य शुरू हो गए हैं।
शहर की लाइटिंग से लेकर सड़क मार्किंग तक हर जगह चमकाने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों ने पूरी मुस्तैदी से तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान शहर की छवि पूर्ण रूप से आकर्षक और व्यवस्थित दिखे। सुरक्षा की दृष्टि से सड़क किनारे के अवैध अतिक्र मण हटाने, साफ.-सपुाई अभियान और हरित क्षेत्र विकसित करने जैसे कार्य भी साथ-साथ चलाए जा रहे हैं। नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग और पुलिस विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। इसके अलावा 17 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद की जा रही है।
यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो। इसके अलावा शहर के मुख्य मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गोहाना रोड और पटियाला चौक पर हर स्ट्रीट लाइट को ठीक किया जा रहा है। खराब लाइटों की मरम्मत और नई लाइटों की स्थापना का काम जोर शोर से चल रहा है। रात में शहर की चमक बढ़ाने के लिए यह कार्य अहम माना जा रहा है। साथ ही शहर की सड़कों के बीचोंबीच डिवाइडर पर फ्रेश रोड मार्किंग (सफेद पट्टी) का काम चल रहा है। पैदल पथों को भी नए सिरे से रंग रोगन किया जा रहा है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और शहर की सड़कें व्यवस्थित नजर आएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

