home page

यमुनानगर: पेंटर काे नहीं हुआ भुगतान ताे स्टेडियम की दीवार पर लिख डाली व्यथा

 | 
यमुनानगर: पेंटर काे नहीं हुआ भुगतान ताे स्टेडियम की दीवार पर लिख डाली व्यथा


यमुनानगर, 01 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के सढौरा स्थित खेल स्टेडियम में दीवारों पर जनजागरूकता संदेश लिखने वाले एक पेंटर ने बकाया भुगतान न मिलने से क्षुब्ध होकर विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। कलाकार ने उन्हीं दीवारों पर सार्वजनिक रूप से यह लिख दिया कि उसे किए गए कार्य का अब तक कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही उसने संबंधित ठेकेदार का नाम और संपर्क नंबर भी अंकित कर दिया। घटना के बाद मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

पेंटर राजेंद्र के अनुसार मार्च माह में उसे एक ठेकेदार के माध्यम से नगर पालिका क्षेत्र में स्टेडियम समेत विभिन्न स्थानों की दीवारों पर स्लोगन लिखने का कार्य सौंपा गया था। तय शर्तों के अनुसार प्रति वर्ग फुट भुगतान निर्धारित किया गया था, जबकि रंग, श्रमिकों और अन्य संसाधनों की व्यवस्था उसने स्वयं की थी।

राजेंद्र का दावा है कि उसने 14 मार्च से 21 मार्च तक लगातार कार्य करते हुए करीब 6,500 वर्ग फुट क्षेत्र में स्लोगन लिखे, जिसकी कुल लागत लगभग 97,500 रुपये बनती है। कार्य की प्रगति से संबंधित तस्वीरें भी नियमित रूप से ठेकेदार को भेजी जाती रहीं। इसके लिए उसने छह से सात मजदूर भी लगाए थे। पीड़ित का आरोप है कि कार्य पूर्ण होने के कई सप्ताह बाद भी भुगतान नहीं किया गया। उसने कई बार संबंधित पक्ष से संपर्क किया और नगर पालिका अधिकारियों के समक्ष भी अपनी समस्या रखी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। उसका कहना है कि भुगतान की मांग करने पर उस पर शिकायत संबंधी लिखावट हटाने का दबाव भी बनाया गया।

वहीं, संबंधित ठेकेदार ने भुगतान को लेकर आश्वासन दिया है और शीघ्र राशि जारी करने की बात कही है। पेंटर ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह अपने अधिकारों के लिए आगे भी वैधानिक तरीके से आवाज उठाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार