सोनीपत: शहीदों के बलिदान को याद रखना हमारा दायित्व: डॉ. अरविंद शर्मा
सोनीपत, 12 अगस्त (हि.स.)। गोहाना
में शहीदों के बलिदान को नमन करने और तिरंगे की आन-बान-शान के सम्मान में बुधवार को
गोहाना शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा गोहाना गर्ल्स कॉलेज से शुरू
होकर अंबेडकर चौक पहुंचकर संपन्न हुई। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, उनकी पत्नी
डॉ. रीटा शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और क्षेत्रवासी यात्रा
में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब
जिंदाबाद के नारे लगाए। रास्ते में नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
डॉ.
अरविंद शर्मा ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के
त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा उनके संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता
है। शहीदों को याद करना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का
दायित्व है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान
का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक
तिरंगा फहराने तथा बच्चों और युवाओं को देश के इतिहास से जोड़ने का आह्वान किया। डॉ.
रीटा शर्मा ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की भावनाओं से जुड़ा है। यात्रा शहीदों के बलिदान
को नमन करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य को याद करने का अवसर है। यात्रा में
बाल भारती विद्यापीठ, जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जेएलएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल
और सरस्वती विद्या स्कूल कटवाल ने सहयोग किया।
उधर,
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोनीपत के लघु सचिवालय परिसर से महिला तिरंगा यात्रा भी
निकाली गई। उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित यात्रा में सैकड़ों महिलाओं
ने हिस्सा लिया। जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी
अधिकारी डॉ. अनमोल और नगराधीश सिमरन सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। उपायुक्त
नेहा सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि
यह राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का अभियान है।
महिलाओं की भागीदारी सोनीपत की नारी शक्ति की राष्ट्रभक्ति को दर्शाती है। उन्होंने
महिलाओं से बच्चों और युवाओं को तिरंगे के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और
नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने की अपील की। जिला
परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने कहा कि महिलाओं की तिरंगा यात्रा ने राष्ट्र निर्माण
में नारी शक्ति की भागीदारी का संदेश दिया है। उन्होंने आमजन से स्वतंत्रता दिवस पर
घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

