मेवात कैडर के नव-नियुक्त 1054 प्राथमिक शिक्षकों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
- कांग्रेस ने 10 साल में केवल 86 हजार सरकारी नौकरियां
- भाजपा सरकार में 2 लाख से अधिक नौकरी दी
चंडीगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मेवात क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह की अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान मेवात कैडर के 1054 नव-नियुक्त प्राथमिक (पीआरटी) शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नए शिक्षकों की तैनाती से क्षेत्र में शिक्षक-विद्यार्थी का अनुपात सुधरेगा और प्राथमिक शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि वीर हसन खां मेवाती की शौर्य भूमि पर इतने बड़े आयोजन का होना मेवात क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर नव-नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षा विषयक 22 स्टॉल की एक भव्य प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। साथ ही, शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को निखारने के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के ज़रिए एक प्रभावी प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित हुआ।
इस दौरान 'मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना' के तहत सम्मान राशि भी जारी की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में नई भर्ती को युवाओं की योग्यता की जीत बताते हुए कहा कि पहले की सरकारों में भाई-भतीजावाद, जातपात, क्षेत्रवाद और पर्ची-खर्ची के हिसाब से नौकरी मिलती थी।
बीजेपी की सरकार बनते ही बिना पर्ची-बिना खर्ची के 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर योग्य युवाओं का आत्मसम्मान लौटाया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में महज 86 हजार सरकारी नौकरियां दी थीं। उन्होंने पंजाब में भर्तियों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया।
इसी क्रम में बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 70 प्रतिभाशाली बच्चों को 'मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना' के तहत 39 लाख 90 हजार रुपये की सम्मान राशि जारी की गई। उन्होंने बताया कि पिछले साल ऐसे विद्यार्थियों की संख्या 40 थी, जो इस बार बढक़र 70 हो गई है। इसके अलावा 'मुख्यमंत्री मेवात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना' के तहत 1364 विद्यार्थियों को 52 लाख 44 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जिला के 450 स्कूल भवनों की डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा सरकार ने 200 करोड रुपए जारी कर दिए हैं। इन स्कूलों के सुधारीकरण पर 400 करोड रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा के तहत शिक्षकों के दो प्रशिक्षण चरण पूरे हो चुके हैं और अगले माह करीब 32 हजार पीआरटी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नव नियुक्त पीआरटी को बधाई देते हुए कहा कि आज ये धरती नए संकल्पों की ऊर्जा को आलोकित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी शिक्षा किसी भी बच्चे की नींव होती है अगर नींव मजबूत होगी तो भविष्य भी मजबूत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

