home page

सिरसा: अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

 | 
सिरसा: अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद


सिरसा, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा गांव उमेदपुरा के राजकीय स्कूल में बुधवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 52 शिकायतें आई। एडीसी अर्पित सिंगल व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें, ताकि वे नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत संबंध स्थापित करना भी है। यदि किसी ग्रामीण को पुलिस से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत, समस्या हो तो वे बिना किसी संकोच रख सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने विभाग से संबंधित स्कीमों व योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाई। ग्रामीणों ने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं का किस प्रकार लाभ उठाया जा सकता है व इसकी प्रक्रिया क्या होती है, इस बारे जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma