नूंह में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
नूंह, 02 सितंबर (हि.स.)। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर को नूंह जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नेहा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित होने वाली लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाते हुए उनके मामलों का त्वरित, सरल व स्थायी समाधान उपलब्ध कराना है। इसमें पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कर सकेंगे। राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, दीवानी मामले, जमानती फौजदारी मामले, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले, बिजली एवं पानी के बिल से जुड़े विवाद तथा राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नेहा गुप्ता ने आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा होने से पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं स्थायी समाधान भी संभव होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

