कैथल पुलिस ने हथियारों समेत पकड़े पांच आरोपी
कैथल, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हथियार के तहत कैथल पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार देशी कट्टे, एक 32 बोर देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और अपराध शाखा कलायत की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर की। अवैध हथियार लेकर घूम रहे आरोपियों के संबंध में मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर टीमों ने नाकाबंदी और दबिश देकर आरोपियों को काबू किया।
पहली कार्रवाई में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने 152-डी हाईवे के नीचे करनाल-कैथल मार्ग पर एक युवक को काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक अपने पास अवैध हथियार लेकर बैठा है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मलकपुर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश निवासी मणिकांत भारद्वाज निवासी के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने कलायत बाईपास स्थित रामगढ़ चौशाला रोड कट के पास नाकाबंदी की। पुलिस को एक युवक के अवैध हथियार लेकर खड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को देखकर युवक पैदल हाईवे की ओर जाने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा मिला। आरोपी की पहचान कर्मगढ़, जिला जींद निवासी आर्यन के रूप में हुई। थाना कलायत में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
तीसरी कार्रवाई कैथल-कुरुक्षेत्र रोड पर 152-डी हाईवे पुल के नीचे की गई। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे नरवाना की माेर पट्टी निवासी सौरभ को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर की देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। चौथी कार्रवाई अपराध शाखा कलायत की टीम ने कलायत बाईपास स्थित आईटीआई चौक के पास की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली। उसकी जींस की जेब से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान जींद के उचाना निवासी साहिल के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया।
पांचवीं कार्रवाई विशेष जांच इकाई की टीम ने राजौंद-कैथल सड़क पर किच्छाना कुई बस अड्डे के पास की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोटड़ा वाली सड़क पर दबिश दी और संजय बस्ती, चीका निवासी टीटू को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

