home page

जींद : अलग-अलग सड़क हादसों मे तीन की मौत

 | 
जींद : अलग-अलग सड़क हादसों मे तीन की मौत


जींद, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले में शनिवार काे अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों में एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। संबंधित थाना पुलिस ने दो मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।

गांव कालवा के निकट दिल्ली-कटरा नेशनल हाइवे पर शनिवार को तेजफ्तार ट्रक ने ब्रेजा गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें ब्रेजा चालक की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। मृतक कार चालक की शिनाख्त न होने के कारण शव का नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। उधर, गांव बालापुर जिला औरेया (यूपी) निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत नौ जुलाई को गांव भैरवखेड़ा के निकट नेशनल हाइवे 152डी पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसके बेटे रिशू की बाइक को टक्कर मार दी थी। जिसमें उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था।

बाद में वे उसके बेटे को रामापुर मेडिकल कालेज (यूपी) ले गए। जहां पर 18 जुलाई को उसके बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उधर, गांव अनुपगढ़ निवासी सागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 21 मई का वह अपने भाई प्रदीप के साथ गांव के ही सचिन की गाड़ी में सवार होकर जुलाना की तरफ जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसमें उसके भाई प्रदीप की मौत हो गई थी। सागर ने आरोप लगाया कि कार चालक सचिन की लापरवाही के कारण उसके भाई की मौत हुई थी। जुलाना थाना पुलिस ने संदीप की शिकायत पर सचिन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा