हिसार पुलिस ने मुठभेड़ में दाे बदमाश दबाेचे, एक के पैर में लगी गोली
विनोद पानू हत्याकांड में वांछित थे दोनों आरोपी, दो पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस
बरामद
हिसार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव भिवानी रोहिला के पास पुलिस की बदमाशों
से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके
बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में संदीप उर्फ फिल्मी के पैर में गोली लगी,
जबकि उसके साथी अनिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को इन आरोपियों
के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर
दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदीप उर्फ फिल्मी के पैर में गोली लगी, जबकि
उसके साथी अनिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी विनोद पानू हत्याकांड में वांछित थे। मुठभेड़
के बाद आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस तथा अन्य खाली राउंड बरामद
किए गए हैं। घायल संदीप उर्फ फिल्मी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस
के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गवाह को गोली मारने, आर्म्स
एक्ट सहित अन्य जघन्य धाराओं में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आरोपियों
से पूछताछ कर रही है तथा मुठभेड़ और बरामद हथियारों को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

