हिसार : जर्जर मकान की छत गिरी, मलबे में दबने से एक की मौत, दो महिलाएं गंभीर
बरवाला के संदलाना गांव में हादसा, ग्रामीणों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया
काफी समय से जर्जर हालत में था मकान
हिसार, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव संदलाना में शनिवार
दोपहर जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर बैठे तीन
लोग मलबे के नीचे दब गए। आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों को मलबे से बाहर
निकाला और उपचार के लिए बरवाला के निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने करीब 55 वर्षीय
बल्लू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी नारो और मकान मालिक रोहतास की माता कृष्णा
गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार गांव धमतान निवासी बल्लू अपनी पत्नी नारो के साथ आंखों का
ऑपरेशन करवाने के लिए बनभौरी आए हुए थे। इसके बाद दोनों संदलाना में अपने रिश्तेदार
रोहतास के घर मिलने पहुंचे। शनिवार दोपहर बल्लू, नारो और कृष्णा मकान के अंदर बैठे
हुए थे। इसी दौरान अचानक मकान की छत भरभराकर नीचे आ गिरी और तीनों मलबे में दब गए।
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य
शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों
ने बल्लू को मृत घोषित कर दिया। नारो और कृष्णा का उपचार चल रहा है तथा दोनों की हालत
गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार रोहतास का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है
और मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

