home page

जींद : नाबालिग से दुष्कर्म के एक दोषी को 20 वर्ष तो दूसरे को सात वर्ष की सजा

 | 
जींद : नाबालिग से दुष्कर्म के एक दोषी को 20 वर्ष तो दूसरे को सात वर्ष की सजा


जींद, 17 नवंबर (हि.स.)। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट शिफा की अदालत ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर घर से ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में दो दोषियों को सजा सुनाई है। एक दोषी को पॉक्सो एक्ट के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। वहीं दूसरे दोषी को सात वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार वर्ष 2024 में एक महिला ने थाना शहर नरवाना में शिकायत देकर बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी को नरवाना निवासी अमित अपने साथी हांसी निवासी अर्जुन के कहने पर बहला-फुसला कर घर से ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा कर अदालत में चालान पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान जींद पुलिस की ओर से पेश किए गए ठोस साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट शिफा की अदालत ने बुधवार को दोनों आरोपितों को दोषी करार दिया।

अदालत ने अर्जुन को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 वर्ष का कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। वहीं दूसरे दोषी अमित को सात वर्ष की कैद व 10 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। जुर्माना राशि अदा न करने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा