हिसार : सत्ता के नशे में मर्यादा भूले भाजपा के नेता, जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी जवाब : जमालपुर
बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंत्री कृष्ण बेदी की मायावती पर टिप्पणी पर जताया
ऐतराज
मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग
हिसार, 23 सितंबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण
जमालपुर ने हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी द्वारा बसपा और पार्टी
की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती बारे दिए गए बयान
पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने टिप्पणी को अमर्यादित बताते हुए मंत्री से सार्वजनिक
रूप से माफी मांगने की मांग की।
कृष्ण जमालपुर ने बुधवार काे कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा बहुजन समाज के
नेताओं को लेकर की जा रही बयानबाजी से उनकी सोच सामने आती है। उन्होंने कहा कि बसपा
ने समाज के गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग से आने वाले लोगों को राजनीतिक नेतृत्व का अवसर
दिया और उन्हें विधायक, सांसद, मंत्री व अन्य महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचाया। उनके अनुसार
बसपा की राजनीति का आधार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, प्रतिनिधित्व
और सत्ता में भागीदारी दिलाना रहा है।
उन्होंने कहा कि मायावती ने अपने राजनीतिक जीवन
में बहुजन समाज के लोगों को आत्मसम्मान के साथ खड़े होने की प्रेरणा दी है। ऐसे में
उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी से उनके समर्थकों और बहुजन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि बसपा अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता
नहीं करेगी।
कृष्ण जमालपुर ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनता से जुड़े मुद्दों का जवाब
देने के बजाय विपक्षी नेताओं पर बयानबाजी कर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास
कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का बहुजन समाज ऐसी बयानबाजी को देख रहा है और
लोकतंत्र में जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देती है। उन्होंने मंत्री कृष्ण
कुमार बेदी से अपने बयान पर खेद प्रकट करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग
की। साथ ही कहा कि बसपा गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों की राजनीतिक
भागीदारी के मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

