जींद : जिले में खेलों को बढ़ावा देने की कवायद
जींद, 06 मार्च (हि.स.)। जिले में विद्यार्थियों की खेलों में रुचि को ध्यान में रखते हुए घुड़सवारी, जिमनास्टिक, लॉन टेनिस, स्केटिंग तथा सॉफ्टबॉल जैसे खेलों की नर्सरियां शुरू करने का प्रस्ताव खेल विभाग के सहयोग से तैयार करवाया जाना है। इन खेलों की नर्सरियां शुरू होने से बच्चों को शुरुआती स्तर से ही बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा।
डीसी मोहम्मद इमरान राजा ने शुक्रवार काे शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य यह है कि खेलों में विभिन्न खेलों में रुचि रखने वाले खिलाडिय़ों को उनके आसपास क्षेत्र के नजदीक ही बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
डीसी मोहम्मद इमरान राजा ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोडऩा है। इसके लिए शिक्षा विभाग और खेल विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जिले में खेल गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके तथा युवा खिलाड़ी भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
डीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों की घुड़सवारी, जिमनास्टिक, लॉन टेनिस, स्केटिंग व सॉफ्टबॉल जैसे खेलों की रुचि के बारे में जानकारी जुटाई जाए। जिन विद्यार्थियों की रुचि इन खेलों में है, उनसे सहमति लेकर इसकी सूचना जिला खेल अधिकारी को भेजी जाए ताकि खेल विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए सरकार से अनुमति प्राप्त की जा सके और आगे की कार्यवाही शुरू की जा सके। डीसी ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भागीदारी भी बेहद आवश्यक है। खेलों से जहां शारीरिक और मानसिक विकास होता है, वहीं बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

