home page

नूंह पुलिस ने पकड़े आठ साइबर अपराधी,मोबाइल व फर्जी सिम बरामद

 | 
नूंह पुलिस ने पकड़े आठ साइबर अपराधी,मोबाइल व फर्जी सिम बरामद


नूंह, 04 जून (हि.स.)। नूंह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 20 फर्जी सिम कार्ड तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न साइबर धोखाधड़ी के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह वाईवीआर शशि शेखर ने गुरुवार को बताया कि अभियान के तहत साइबर थाना नूंह में दर्ज एक मामले में पुलिस ने पचगांव निवासी वादिल को गिरफ्तार किया। आरोपी सोशल मीडिया पर कुत्ते के बच्चों की बिक्री के फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करता था। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया। एक अन्य मामले में पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर लोगों से रकम ऐंठने वाले बिछौर निवासी साकिर और अजरुद्दीन को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद हुए।

पुलिस ने आमका निवासी मोमिन तथा सिरोली निवासी मोहिन को भी गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे तथा अपनी पहचान छिपाकर भ्रामक संदेश भेजते थे। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए।

इसके अलावा गामड़ी, जिला भरतपुर (राजस्थान) निवासी मुशर्रफ को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वह साइबर अपराधियों को सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस ने उसे तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया।

अभियान के तहत एक अन्य कार्रवाई में लुहिंगा खुर्द झुड़ा निवासी आबिद और जाबिद को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस इनके साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अपराध जांच शाखा नूंह, थाना सदर पुन्हाना, सीआईए एवं एएनसी स्टाफ तावड़ू, सीएस एवं पीओ स्टाफ पुन्हाना तथा साइबर क्राइम थाना नूंह की संयुक्त टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया