सिरसा: एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन कर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला
सिरसा, 30 सितंबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों को लेकर बुधवार को एनएसयूआई ने सिरसा के लघु सचिवालय में विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
आदिकर्ता माकन तंवर ने कहा कि मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया से संबंधित जो सवाल उठाए जा रहे हैं, उनका उचित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठने वाले प्रत्येक सवाल का स्पष्ट जवाब मिलना जरूरी है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव-संबंधी निर्णयों की व्यापक समीक्षा की मांग उठाई।
तंवर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एनएसयूआई अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाता सूचियों से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

