home page

सिरसा: इनेलो नेता अभय चौटाला की गाड़ी में ज्यादा तेल डालने पर पंप को नोटिस, सप्लाई रोकी

 | 
सिरसा: इनेलो नेता अभय चौटाला की गाड़ी में ज्यादा तेल डालने पर पंप को नोटिस, सप्लाई रोकी


सिरसा, 16 जून (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो अभय सिंह की गाड़ी में लिमिट से ज्यादा पेट्रोल डालने पर सिरसा के एक पंप संचालक को नोटिस जारी हो गया। यहां तक कि कंपनी ने पंप की तेल सप्लाई रोक दी।

मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार यह मामला सिरसा जिले के डबवाली में गोल चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का है। सप्लाई रोकने के बाद पंप संचालक को मेल करनी पड़ी और तेल कंपनी में अफसरों से बात करने के बाद ही तेल सप्लाई शुरू हुई। पंप संचालक संदीप इनेलो नेता अभय चौटाला का दूर के रिश्ते में भतीजा लगता है। अभय चौटाला ने एक वीडियो जारी कर इस घटना का खुलासा किया। अभय ने बताया कि एक सप्ताह पहले उन्होंने डबवाली में पेट्रोल पम्प पर गाड़ी में तेल डलवाया। सेल्जमैन ने उनके कहने पर 110 लीटर तेल डाल दिया। पम्प संचालक संदीप चौधरी ने बताया कि फिलिंग स्टेशन की सभी मशीनें कंपनी से ऑनलाइन अटैच हैं। अभय चौटाला की गाड़ी में तेल डालने के बाद उन्हें इसकी जानकारी मिल गई। तेल कंपनी ने एक गाड़ी में 50 लीटर पेट्रोल डालने के निर्देश दिए हैं। इसी का हवाला देकर उनके पेट्रोल पंप की सप्लाइ रोक दी।

बता दें कि सरकार की ओर से 200 लीटर डीजल डलवाने पर रोक लगा दी गई है कि किसी को एक बार में इससे ज्यादा तेल नहीं देना। चाहे वह दूसरी बार या दूसरे पंप से ले सकता है। वहीं, तेल कंपनी की ओर से भी सख्ती कर दी गई है। पंपों पर तेल डालने वाली मशीनें सीधा कंपनी से डिजिटल कनेक्टिविटी है। अगर किसी पंप पर किसी गाड़ी या ड्रम में तय मात्रा से ज्यादा तेल डल जाता है तो सप्लाई रोक दी जाती है। सामान्य गाडिय़ों की आमतौर पर पेट्रोल की टंकी 40 से 50 लीटर की होती है। कुछ महंगी गाडिय़ों की पेट्रोल की टंकी 100 लीटर की क्षमता से ज्यादा बड़ी है। उन गाडिय़ों में तेल डलवाने में दिक्कत आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma