home page

हिसार : नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही एक दर्जन स्कूल बसों को नोटिस, जब्त करने की चेतावनी

 | 
हिसार : नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रही एक दर्जन स्कूल बसों को नोटिस, जब्त करने की चेतावनी


नारनौंद में आरटीए व शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन

हिसार, 25 जुलाई (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा

को लेकर प्रशासन अचानक हरकत में आ गया है। हादसों के बाद जगने की परिपाटी को बदलते

हुए हिसार आरटीए कार्यालय व और शिक्षा विभाग ने शनिवार को नारनौंद की अनाज मंडी में

एक बड़ा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नारनौंद और बास क्षेत्र के सैकड़ों

निजी स्कूलों की बसों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अधिकतर स्कूल

संचालक अतिरिक्त सीटें बनवाकर मासूम बच्चों का सफर जोखिमभरा बना रहे थे। इसके अलावा

कई बसों में सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई। मोटर व्हीकल

इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र मलिक की अगुवाई में चली इस

जांच के दौरान लगभग एक दर्जन स्कूल बसों में गंभीर खामियां मिलीं, जिस पर विभाग ने

ढिलाई न बरतते हुए इन सभी स्कूल संचालकों को तत्काल नोटिस थमा दिया है।

अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर

दिया है कि संचालकों के पास अपनी कमियों को दूर करने के लिए केवल एक सप्ताह का समय

है। यदि दी गई समय-सीमा के भीतर बसों को दुरुस्त करवाकर दोबारा जांच नहीं कराई गई,

तो ऐसी सभी बसों को जब्त कर लिया जाएगा। अनाज मंडी में सुबह से ही स्कूल बसों का जमावड़ा

लगना शुरू हो गया था, जहां चेकिंग टीम ने जीपीएस, स्पीड गवर्नर, फायर सिलेंडर, फर्स्ट

एड बॉक्स, ब्रेक लाइट, टायर, वाइपर, साइड ग्रिल और कैमरों के साथ-साथ आरसी, इंश्योरेंस,

पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, रूट परमिट और ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से पड़ताल

की।

इस प्रशासनिक सख्ती के बाद प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन

के प्रधान राजेश गौतम ने बताया कि जिन भी बसों में कमियां मिली हैं, उन्हें एक सप्ताह

के भीतर दुरुस्त करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी स्कूल संचालकों की बैठक

बुलाकर सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि बसों के मानकों में कोई समझौता न किया जाए। अब अभिभावकों

की नजरें विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या एक हफ्ते बाद ये बसें पूरी तरह

सुरक्षित हो पाएंगी या प्रशासन का चाबुक चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर