home page

नारनाैल: नहर में डूबने से युवक की मौत, नवंबर में होनी थी शादी

 | 
नारनाैल: नहर में डूबने से युवक की मौत, नवंबर में होनी थी शादी


नारनाैल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नारनाैल में रविवार रात नहर के पुल से टकराने के बाद बाइक सवार युवक नहर में गिर गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक बह गया। पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब नौ बजे युवक का शव नहर से बरामद हुआ। मृतक की नवंबर में शादी होनी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात थाना सदर कनीना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152डी के पास भालखी नहर के कट पर हुआ। युवक तेजपाल किसी काम से बाइक पर बाहर गया था। वापस लौटते समय उसकी बाइक नहर के पुल से टकरा गई। टक्कर लगने के कारण वह संतुलन खो बैठा और नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने से वह संभल नहीं पाया और बह गया। तेजपाल के दोस्त दूसरी बाइक पर उसके साथ चल रहे थे।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। युवक के नहर में गिरने की जानकारी मिलते ही तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस के साथ ग्रामीण भी रातभर नहर में उसकी तलाश करते रहे। हालांकि, पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी आई और रात में युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस के सहयोग से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने बोट और गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी ली। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब नौ बजे तेजपाल का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कनीना के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला