home page

नारनौल में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस मिले

 | 
नारनौल में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस मिले


नारनाैल, 30 सितंबर (हि.स.)। थाना नांगल चौधरी पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान ढाणी छिलरो निवासी संजय मीणा के रूप में हुई है।

डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बुधवार को बताया कि थाना नांगल चौधरी की पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम के लिए राव तुलाराम चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि संजय मीणा अवैध हथियार और कारतूस लेकर मीणा की ढाणी की एक गली में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान की ओर रुख किया। पुलिस को देखकर वहां मौजूद युवक गली की तरफ मुड़ गया। इसी दौरान उसने अपनी जेब से एक वस्तु निकालकर पास में फेंक दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया।

पुलिस ने युवक द्वारा फेंकी गई वस्तु को कब्जे में लेकर जांच की तो वह कट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार और कारतूस कहां से लेकर आया था तथा उसका इन्हें रखने का उद्देश्य क्या था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला