home page

महेंद्रगढ़ में मां की सजगता से बची युवक की जान, डायल-112 ने समय पर पहुंचकर बचाया

 | 

पत्नी के बिना बताए चले जाने से तनाव में था युवक, फंदे पर लटका मिलानारनौल, 30 अगस्त (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में शनिवार शाम डायल-112 पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फांसी लगाने वाले 28 वर्षीय युवक की जान बचा ली। युवक पारिवारिक विवाद के चलते तनाव में था और उसने कमरे में अंदर से कुंडी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस दौरान उसकी मां को शक हुआ तो उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना देकर मदद मांगी।

सूचना मिलते ही आपात रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) पर तैनात ईएसआई युद्धवीर सिंह, सिपाही निकास और एसपीओ राजकुमार करीब आठ मिनट में मौके पर पहुंचे। युवक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां युवक फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और प्राथमिक स्तर पर सीपीआर दी। सांसें चलती मिलने पर उसे ईआरवी से सरकारी अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के बाद युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान अनूप के रूप में हुई है। वह एक निजी अस्पताल में एंबुलेंस चालक है और उसके तीन बच्चे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शनिवार को अनूप की पत्नी बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। उसने पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इससे वह काफी परेशान और तनाव में आ गया। इसके बाद वह कमरे में चला गया और फंदा लगा लिया।

मां की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अनूप को समय पर उपचार मिल सका। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो अनूप की जान जा सकती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला