home page

महेंद्रगढ़ जिले को योगमय बनाने के लिए गांवों में योग मित्र तैनात

 | 
महेंद्रगढ़ जिले को योगमय बनाने के लिए गांवों में योग मित्र तैनात


हर व्यक्ति तक पहुंचे ‘हर घर योग’ हर दिन योग’ का संदेशः अनुपमा अंजली

नारनाैल, 29 मई (हि.स.)। जिला महेंद्रगढ़ में ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों की बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘हर घर योग’ हर दिन योग’ का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि जिले को पूरी तरह योगमय बनाने के लिए प्रत्येक गांव में योग मित्र तैनात किए जाएंगे। इन योग मित्रों के माध्यम से गांव स्तर पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जाएंगे और लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले सभी प्रारंभिक कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर योग दिवस आयोजन को भव्य, अनुशासित और सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक, एडीसी तरुण कुमार पावरिया, आरटीए मनोज कुमार, नगराधीश डॉ मंगलसेन तथा जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ शशि बाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला