नारनौल की अदालतों में वर्क सस्पेंड, कई लोग निराश लौटे
जिलेभर के वकीलों ने कामकाज पूरी तरह रखा ठप
नारनाैल, 10 जुलाई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव के समर्थन में शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन नारनौल के आह्वान पर जिलेभर के अधिवक्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए वर्क सस्पेंड रखा। इसके तहत नारनौल, नांगल चौधरी और अटेली की रेवेन्यू कोर्ट तथा न्यायिक अदालतों में अधिवक्ताओं ने किसी भी मामले में पैरवी नहीं की। वकीलों की अनुपस्थिति के कारण न्यायालयों में निर्धारित मामलों की सुनवाई प्रभावित रही और बड़ी संख्या में पक्षकारों को बिना सुनवाई के लौटना पड़ा।
जिला बार एसोसिएशन नारनौल के प्रधान संतोख सिंह ने बताया कि महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन के साथ चल रहे विवाद तथा एडीएम कोर्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। इसी प्रस्ताव के समर्थन में जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों ने सामूहिक रूप से एक दिन का वर्क सस्पेंड करने का निर्णय लिया।
हड़ताल के कारण रेवेन्यू कोर्ट और न्यायिक अदालतों में सामान्य कार्य प्रभावित रहा। जिन मामलों की शुक्रवार को सुनवाई तय थी, उनमें कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। कई पक्षकारों को अगली तारीख का इंतजार करना पड़ा, जबकि दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ी। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं का यह कदम न्यायिक व्यवस्था, अधिवक्ताओं के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विवादों का शीघ्र समाधान निकलेगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होगी।
वर्क सस्पेंड के दौरान अदालत परिसर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम चहल-पहल रही। अपने मामलों की सुनवाई के लिए पहुंचे लोग पूरे दिन अधिवक्ताओं से संपर्क करते रहे, लेकिन कार्यवाही नहीं होने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

