नारनौलः महिला की संदिग्ध मौत, पति समेत चार पर मामला दर्ज
सोहड़ी गांव की घटना, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
नारनाैल, 11 जून (हि.स.)। जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार शाम को महिला का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना कनीना क्षेत्र के गांव कपूरी निवासी कर्ण सिंह ने सतनाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी अनीता की शादी वर्ष 2020 में गांव सोहड़ी निवासी शंकर सिंह के साथ हुई थी। अनीता की ढाई वर्ष की एक बेटी भी है। शादी के बाद शुरू में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि अनीता को आए दिन दहेज लाने के लिए ताने दिए जाते थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। लगातार हो रही प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। कर्ण सिंह के अनुसार, इन परिस्थितियों से तंग आकर अनीता ने अपने घर के ऊपरी कमरे में चुन्नी से पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि उन्होंने यह भी संदेह जताया है कि उनकी बेटी को जबरन फांसी पर लटकाया गया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सतनाली पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

