नारनौल में महिला को हिप्नोटाइज कर सोने के कुंडल और नकदी ठगी
मेले से लौटते समय दो युवकों ने बातचीत में फंसाकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने शुरू की जांच
नारनाैल, 15 मार्च (हि.स.)। नारनौल शहर में एक महिला को हिप्नोटाइज कर उससे सोने के कुंडल और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मामराज कॉलोनी निवासी सुशीला देवी फिलहाल केशव नगर गली नंबर दो के पास रहती हैं। उनके पुत्र जोगेंद्र राजपूत ने बताया कि शनिवार शाम वह अपनी मां को शनि महाराज के लगने वाले मेले के पास छोड़कर चला गया था। कुछ देर बाद उसकी मां के साथ ठगी की वारदात हो गई। सुशीला देवी ने बताया कि जब वह मेले से बाहर निकल रही थीं, तभी रामानंद राधेश्याम धर्मशाला के पास उन्हें दो युवक पैदल जाते हुए मिले। दोनों युवकों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में ले लिया। महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने किसी तरह उसे हिप्नोटाइज कर लिया, जिसके बाद वह उनके कहने पर अपने कानों से सोने के कुंडल उतारकर दे बैठी। महिला के अनुसार आरोपियों ने उसके पास मौजूद करीब 1500 रुपये भी ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
कुछ समय बाद जब महिला को होश आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने तुरंत अपने बेटे को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद महिला का बेटा मौके पर पहुंचा और तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले भी शहर में इसी तरह की एक वारदात सामने आई थी, जिसमें ठगों ने महिला को बातचीत में उलझाकर उनके जेवरात और नकदी ठग ली थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

