home page

नारनौल मंडी में गेहूं की एंट्री ‘जीरो’: सरसों ने मचाई धूम, एमएसपी से ऊपर मिल रहे दाम

 | 
नारनौल मंडी में गेहूं की एंट्री ‘जीरो’: सरसों ने मचाई धूम, एमएसपी से ऊपर मिल रहे दाम


पहले ही दिन सरसों 6700 तक बिकी, ऊंचे भाव के चलते किसान खुले बाजार की ओर झुके

नारनाैल, 01 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल की पुरानी अनाज मंडी में बुधवार को नए सीजन की आवक तो शुरू हो गई है, लेकिन पहले ही दिन गेहूं की आमद पूरी तरह शून्य रही। वहीं दूसरी ओर सरसों की आवक ने बाजार में रौनक ला दी। मंडी में सरसों के दाम 6600 से 6700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से करीब 400 से 500 रुपये अधिक हैं।

उच्च भाव मिलने के कारण किसान सरकारी खरीद केंद्रों की बजाय खुले बाजार में अपनी उपज बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में सरसों की मांग अच्छी बनी हुई है, जिसके चलते दाम भी मजबूत बने हुए हैं और किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। मंडी में पहले दिन गेहूं की आवक न होने से खरीद प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो सकी। हालांकि, अधिकारियों और व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गेहूं की आवक धीरे.धीरे बढ़ेगी और मंडी में रौनक लौटेगी।

किसानों का कहना है कि जब बाजार में सरकारी दर से ज्यादा कीमत मिल रही है, तो वे स्वाभाविक रूप से खुले बाजार की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इससे उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी हो रही है। वहीं सरसों की आवक में आने वाले दिनों में और तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम अनुकूल रहने और फसल की कटाई तेज होने के कारण मंडी में आवक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। व्यापारियों का मानना है कि यदि इसी तरह बाजार में मांग बनी रहती है, तो सरसों के दाम और स्थिर रह सकते हैं। फिलहाल मंडी में सरसों की अच्छी कीमत मिलने से किसानों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं, जबकि गेहूं की आवक शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला