home page

नारनाैल : कॉलेजों में यूजी प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी

 | 
नारनाैल : कॉलेजों में यूजी प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी


दस्तावेजों और तकनीकी समस्याओं से वंचित विद्यार्थियों को मिला नया अवसर

अब 12 जुलाई तक किया जा सकता है आवेदन

नारनाैल, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने पहले 30 जून निर्धारित अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 12 जुलाई कर दिया है। इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे।

गुरूवार को राजकीय महाविद्यालय, सतनाली के प्राचार्य डॉ. सुधीर लांबा, राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह तथा राजकीय महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रो. विजय यादव ने बताया कि बढ़ी हुई समय-सीमा विद्यार्थियों के हित में है। उन्होंने कहा कि कई छात्र-छात्राएं दस्तावेजों की कमी, तकनीकी दिक्कतों या अन्य व्यक्तिगत कारणों से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे।

राजकीय महाविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. गगनदीप यादव ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी अब 12 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की, ताकि अंतिम समय में तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को हर संभव मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराएगा। यदि किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन पंजीकरण में कोई परेशानी आती है, तो वह महाविद्यालय के सहायता केंद्र से संपर्क कर सकता है। साथ ही विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग और महाविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर रखने की भी सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला