home page

नारनाैल में दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, तीन झुलसे

 | 
नारनाैल में दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, तीन झुलसे


नींद की झपकी आने से अनियंत्रित हुआ ट्रक, डिवाइडर पार कर दूसरे ट्रक से भिड़ा

नारनाैल, 04 सितंबर (हि.स.)। नेशनल हाईवे-11 पर शुक्रवार को सुराना गांव के कट स्थित ओवरब्रिज के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, एक ट्रक का डीजल टैंक फटने से उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रेवाड़ी की ओर से नारनौल आ रहा एक ट्रक सुराना गांव के कट स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से नारनौल से रेवाड़ी की ओर जा रहे रोडियो से भरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के तुरंत बाद रोडियो से भरे ट्रक का डीजल टैंक फट गया और उसमें आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में दोनों ट्रकों के चालक व परिचालक केबिन में फंस गए। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से तीनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक और परिचालक मेवात क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला