नारनौल में आग का गाेला बना ट्रक,चालक की सूझबूझ से टला हादसा
नारनौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलते हुए ट्रक में अचानक आग लग गई। यह घटना नेशनल हाईवे-11 पर गांव खटोटी के पास हुई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक पार्सल से भरा हुआ था और नारनौल से झुंझनू की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक के केबिन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और केबिन से कूदकर अपनी जान बचाई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के चलते हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात को फिर से सुचारु रूप से शुरू कराया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ट्रक के केबिन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में ट्रक के केबिन और कुछ सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। गहली चौक पुलिस चौकी के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी, जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

