home page

नारनौलः पंचायती राज को मिलेगी डिजिटल धार, बीडीपीओ कार्यालय में प्रशिक्षण शिविर का आगाज

 | 
नारनौलः पंचायती राज को मिलेगी डिजिटल धार, बीडीपीओ कार्यालय में प्रशिक्षण शिविर का आगाज


ग्राम सचिवों को डिजिटल दक्ष बनाने की पहल, दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

नारनाैल, 25 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत पंचायती राज संस्थानों को अधिक सक्षम और डिजिटल रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बीडीपीओ कार्यालय में ग्राम सचिवों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाना और पंचायतों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मनोज कुमार ने बुधवार को कहा कि यह प्रशिक्षण ग्राम सचिवों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जब ग्राम सचिव डिजिटल रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी पंचायतें सशक्त होंगी और ‘ग्राम स्वराज’ का लक्ष्य साकार हो सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश सरकारी कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित हो रहे हैं, ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और पोर्टलों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाएं और सीखी गई तकनीकों को अपने दैनिक कार्यों में लागू करें। जिला परियोजना प्रबंधक नितिन शर्मा ने विभिन्न सरकारी डिजिटल पोर्टलों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया इन पोर्टलों के प्रभावी उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्राम सचिवों से अपील की कि वे इन डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें, ताकि ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंच सके। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे ग्राम विकास के लिए अहम कदम बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला