home page

नारनाैल: पुलिस ने लौह अयस्क से भरा ट्रैक्टर पकड़ा, अवैध खनन माफिया में हड़कंप

 | 
नारनाैल: पुलिस ने लौह अयस्क से भरा ट्रैक्टर पकड़ा, अवैध खनन माफिया में हड़कंप


नारनाैल, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आंतरी और जैनपुर की पहाड़ियों से अवैध रूप से निकाले गए लौह अयस्क से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है। शुक्रवार देर रात की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आंतरी और जैनपुर की पहाड़ियों में रात के समय अवैध खनन कर लौह अयस्क निकाला जा रहा है। सूचना के आधार पर नांगल चौधरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापामारी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लौह अयस्क से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर कब्जे में ले लिया। जब्त वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया है तथा मामले की सूचना खनन विभाग को भी दे दी गई है। गौरतलब है कि आंतरी और जैनपुर की पहाड़ियों में पहले भी कई बार अवैध खनन और लौह अयस्क की चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। वर्ष 2022 में अवैध खनन के दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर मजदूर पर गिर गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

उस हादसे के बाद प्रशासन ने पहाड़ियों की ओर जाने वाले रास्तों पर गहरी खाइयां खुदवाकर वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया था। पुलिस, वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम भी तैनात की गई थी, लेकिन बाद में निगरानी कम होने का फायदा उठाकर खनन माफिया ने फिर रास्ते बना लिए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला